भास्कर न्यूज| महासमुंद महासमुंद शहर के वार्ड – 6 नयापारा निवासी एक 24 वर्षीय युवक का शव सोमवार सुबह परसदा नहर में मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गजेंद्र पटेल के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गजेंद्र पटेल 21 फरवरी की शाम करीब 7:30 बजे बिना बताए घर से निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने परसदा नहर के पानी में एक शव उतराते देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला, जिसकी शिनाख्त गजेंद्र के रूप में हुई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक 21 फरवरी से लापता था। हालांकि शुरुआती जांच डूबने की ओर इशारा कर रही है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।


