रानीपरतेवा में नवनिर्मित भवन का लोकार्पण हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजाध्यक्ष मोतीराम निषाद ने की। मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाजपा नेता रूप सिंह साहू उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि रूपसिंह साहू ने विधिवत पूजा-अर्चना कर एवं रिबन काटकर भवन का लोकार्पण किया। अपने संबोधन में उन्होंने समाज को भवन निर्माण के लिए बधाई देते हुए एकजुट होकर समाज के उत्थान और विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एकता से ही समाज में सकारात्मक वातावरण बनता है, जिससे लोगों का जीवन सुखी और समृद्ध होता है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य पंकज निर्मलकर एवं सरपंच हेमलाल नेताम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने समाज को शिक्षित बनने और नशापान से दूर रहने की सलाह दी। समाज के पदाधिकारियों ने नवनिर्मित भवन के चारों ओर आहाता निर्माण तथा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर तक जाने वाली सीढ़ी में रेलिंग निर्माण की मांग रखी। इस पर मुख्य अतिथि रूपसिंह साहू ने मुख्यमंत्री से मिलकर 10 लाख रुपए स्वीकृत कराने का संकल्प लिया, वहीं विशिष्ट अतिथि पंकज निर्मलकर ने 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। पंचायत प्रतिनिधियों एवं समाजजनों द्वारा सभी अतिथियों का शाल, श्रीफल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर पावन गंगा पंडवानी मठपुरैना द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामकुमार साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष अगहन सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाज पदाधिकारी आदि मौजूद थे।


