दृढ़ इच्छा से हार गई पीड़ा:कमर टूटने के बाद भी भिलाई के अमन ने बिस्तर पर दी 12वीं की परीक्षा

भिलाई के 16 वर्षीय छात्र अमन कुशवाहा ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कमर की हड्डी टूटने जैसी गंभीर चोट के बावजूद 12वीं बोर्ड की वाणिज्य (एकाउंट) परीक्षा सोमवार को बिस्तर पर लेटकर दी। 31 दिसंबर को भिलाई-3 के पास सड़क दुर्घटना में गाय के अचानक सामने आ जाने से बाइक फिसल गई, जिसमें अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। तब से वे बिस्तर पर हैं और उठ-बैठ नहीं पा रहे हैं। असहनीय पीड़ा के बीच भी सरस्वती विहार अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र अमन रोज 3 से 4 घंटे पढ़ाई करते रहे। उन्होंने कहा कि पूरे साल की मेहनत बेकार न जाए, इसलिए परीक्षा देना जरूरी था। उनकी जिद पर कक्षा शिक्षिका पितेश्वरी सरदार ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखा। माध्यमिक शिक्षा मंडल से अनुमति मिलने के बाद विशेष व्यवस्था की गई। सोमवार को उन्हें एंबुलेंस से परीक्षा केंद्र लाया गया और विशेष अनुमति से स्ट्रेचर पर परीक्षा दिलाई गई। शिक्षकों और छात्रों ने उनके जज्बे को सराहा। मां सीमा देवी की आंखों में बेटे के लिए चिंता भी है और गर्व भी। वे कहती हैं, इतनी तकलीफ में भी पढ़ाई नहीं छोड़ी। दर्द सहते हुए भी किताबें पढ़ता रहा। यह सिर्फ एक कक्षा विशेष की परीक्षा नहीं है, यह अमन के हौसले की परीक्षा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *