भास्कर न्यूज | नारायणपुर नक्सल मुक्त अबूझमाड़ के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए नारायणपुर पुलिस ने वर्ष 2026 का पांचवां नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप थाना सोनपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम आदनार में स्थापित किया है। माड़ बचाओ अभियान के तहत खोले गए इस कैंप में पुलिस, डीआरजी, बस्तर फाइटर और बीएसएफ की 129वीं व 133वीं वाहिनी की संयुक्त भूमिका रही। सोमवार को स्थापित यह कैंप घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत करने के साथ-साथ विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से खोला गया है। आदनार, जिला मुख्यालय नारायणपुर से 76 किमी और थाना सोनपुर से 46 किमी दूर स्थित है। कैंप खुलने से कांदुलनार, कुरसकोड़ो, हच्चेकोटी सहित आसपास के गांवों में सड़क निर्माण, पुल-पुलिया, शिक्षा, स्वास्थ्य और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार संभव होगा। दशकों से अलग-थलग रहे अबूझमाड़ क्षेत्र को अब मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है। आदनार से सोनपुर होते हुए कोयलीबेड़ा (जिला कांकेर) तक सड़क संपर्क विकसित होने से आवागमन सुगम होगा और ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में कुतुल सहित कई अंदरूनी क्षेत्रों में नए कैंप स्थापित किए गए थे। वहीं 2026 में जटवर, वाड़ापेंदा, कुरसकोड़ो, हच्चेकोटी के बाद आदनार पांचवां कैंप है। पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी, एसपी राबिनसन गुरिया तथा बीएसएफ अधिकारियों के नेतृत्व में यह अभियान लगातार जारी है।


