जिले में साइकिल वितरण आज से, अगले सत्र से ई-वाउचर मिलेंगे

भास्कर संवाददाता | डूंगरपुर नौवीं कक्षा में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को सरकार की ओर से इस बार आखिरी बार साइकिल दी जा रही है। अगले सत्र से साइकिल की जगह ई-वाउचर दिया जाएगा, जिससे छात्राएं खुद साइकिल ला सकेंगी। इस सत्र में वागड़ में कुल 26795 छात्राओं को साइकिल मिलनी है, जिनमें डूंगरपुर जिले की 11922 छात्राओं को मंगलवार से वितरण शुरू होगा। जबकि बांसवाड़ा में 15 दिन पूर्व वितरण शुरू कर अब तक लगभग 40% साइकिलें दी जा चुकी हैं। बता दें कि राज्य सरकार ने सरकारी स्कूलों में बालिकाओं का नामांकन बढ़ाने के लिए निशुल्क साइकिल वितरण की योजना सत्र 2007-08 से शुरू की थी। जानकारी के अनुसार बांसवाड़ा में अभी तलवाड़ा और छोटी सरवन ब्लॉक में साइकिलें नहीं पहुंची हैं। विभागीय अधिकारी बताते हैं कि बोर्ड परीक्षा के चलते साइकिल वितरण में विलंब हुआ है। अब तक करीब 40 फीसदी वितरण हो चुका है। वहीं, डूंगरपुर में विभाग ने सितंबर में ही ब्लॉकवार छात्राओं की संख्या के साथ सूचना बनाकर उच्च स्तर पर भेज दी थी लेकिन साइकिल वितरण अब तक शुरू नहीं हो पाया था। इस बार डूंगरपुर जिले के 10 ब्लॉक में अधिशेष सहित 11922 साइकिल बांटी जाएंगी। इनमें सर्वाधिक 1529 सागवाड़ा में वितरित होंगी। बिछीवाड़ा में 1395, डूंगरपुर में 1212, झौथरी में 1130, सीमलवाड़ा में 1113, दोवड़ा में 1055, चिखली में 928, गलियाकोट में 848, साबला में 834 और आसपुर में 769 छात्राओं को साइकिल वितरित की जाएंगी। फिलहाल जिले के सीमलवाड़ा, कनबा, झौथरी और डूंगरपुर ब्लॉक में साइकिलें पहुंची हैं। एडीईओ अमृतलाल यादव ने बताया कि असेम्बल करने के बाद नोडल केंद्र से साइकिलों का वितरण विद्यालयों को किया जाएगा। प्रथम चरण की साइकिलें पहुंच चुकी हैं, जल्द ही दूसरे चरण की साइकिलें भी वितरण केंद्रों पर पहुंच जाएंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *