भीलवाड़ा | गांधीनगर पुलिस ने पिकअप वाहन चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गांधीनगर सीआई पुष्पा कसोटिया ने बताया कि 17 अक्टूबर 2020 को प्रार्थी मुश्ताक खान कायमखानी निवासी पांसल रोड, जवाहरनगर ने रिपोर्ट दी थी कि उसकी पिकअप को रात करीब 1 बजे चोर चुराकर ले गया। पीछा करने के दौरान एक होमगार्ड ने वाहन रुकवाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने वाहन रोकने के बजाय होमगार्ड पर चढ़ाने का प्रयास किया और फरार हो गया। टीम ने आरोपी दिनेश ढोली पुत्र भैरूलाल ढोली निवासी रूपाखेड़ा ढोसर, थाना गंगापुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। चोरी गए वाहन की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।


