भीलवाड़ा| कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा आगामी 9 से 15 अप्रैल तक भीलवाड़ा में पहली बार की जाने वाली शिव महापुराण कथा की तैयारियों को गति देने के लिए श्री शिवमहापुराण कथा आयोजन समिति की बैठक रविवार को संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर में महंत बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष और शहर विधायक अशोक कोठारी ने की। बैठक में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड पर होने वाली कथा को लेकर अब तक हो चुकी तैयारियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल व यादगार बनाने के लिए वित्त संग्रह सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से करने के लिए शीघ्र ही विभिन्न कमेटियों का गठन कर उनके संयोजक व सदस्यों की नियुक्ति की जाएगी। इसी तरह कथा आयोजन समिति के कार्यालय का शुभारंभ भी आगामी दिनों में कर दिया जाएगा। समिति के अध्यक्ष विधायक अशोक कोठारी ने कहा कि मेवाड़ की धरा पर पहली बार हो रहे इस आयोजन से भीलवाड़ावासियों की प्रतिष्ठा जुड़ी है। इसे सफल बनाने के लिए सभी को समर्पित भाव से सेवाएं देनी है। हर समाज और संगठन को इस आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि ये जन-जन का आयोजन बन सके। कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए समुचित प्रबंध किए जाएंगे। भोजन व्यवस्था से लेकर पार्किंग प्रबंधन तक हर तरह की व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके प्रबंध होंगे।


