भीलवाड़ा | घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग से हो रही दुर्घटनाओं के साथ ही वाहनों में की जा रही अवैध रिफिलिंग से जान-माल व राजस्व हानि को रोकने के लिए राज्य सरकार के निर्देश पर रसद विभाग ने सोमवार से अभियान शुरू किया। अभियान के पहले दिन रसद अधिकारी अमरेंद्रकुमार मिश्र के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 33 घरेलू गैस सिलेंडर के साथ ही 4 रिफिलिंग मशीनें भी जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन अधिकारी सुरेशकुमार, प्रवर्तन निरीक्षक विनोद मीणा द्वारा ग्राम नंदराय तहसील कोटड़ी स्थित सतगुरु कृपा टी-स्टॉल का निरीक्षण कर मौके से 13 घरेलू गैस सिलेंडर एवं 01 रिफिलिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया। साथ ही जहाजपुर रोड काछोला पर नंदा बलाई के मकान का निरीक्षण कर 12 घरेलू गैस सिलेंडर एवं 2 रिफिलिंग मशीनें जब्त की गई। काछोला स्थित भावना कार सर्विस एंड कार डेकॉर का निरीक्षण कर उसके संचालक कमलेश कुमार मेघवंशी के पास से 8 घरेलू गैस सिलेंडर एवं 01 रिफिलिंग मशीन जब्त की गई। इस तरह तीन अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए कुल 33 घरेलू गैस सिलेंडर और 04 रिफिलिंग मशीनें जब्त की गई। जब्त किए गए घरेलू गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन व अन्य उपकरण चारभुजा गैस कोटड़ी के कार्मिक एवं बिड़ला भारत गैस के कार्मिक को संभलाए गए। उक्त कार्रवाई एलपीजी ऑर्डर 2000 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत की गई। टीम के पहुंचने से अवैध रिफिलिंग करने वालों में भय का माहौल है। साथ ही कई लोग मौके से इधर-उधर हो गए।


