भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा/रायपुर रायपुर पंचायत समिति क्षेत्र के खेमाणा और नारायण खेड़ा प्रशासक को मात्र चार घंटे में ही प्रशासक पद से हटा दिया गया। पंचायती राज विभाग पूर्व में जारी किए गए आदेश वापस ले लिए। पंचायती राज विभाग के अतिरिक्त आयुक्त एवं शासन उप सचिव (द्वितीय) त्रिलोक चंद मीणा ने 18 फरवरी को आदेश में हाईकोर्ट के स्टे का जिक्र किया। उस आधार पर ग्राम पंचायत नारायण खेड़ा की दुर्गा देवी जाट को पुन: प्रशासक लगाया गया था। इसी तरह 19 फरवरी को खेमाणा के बद्री लाल जाट को पुन: प्रशासक पद पर लगाया। इसी आधार पर जिला परिषद सीईओ ने 21 फरवरी सुबह 11.45 मिनट पर दोनों प्रशासकों को पुन: पदस्थापन करने के आदेश जारी किए। दोपहर करीब सवा बारह बजे दोनों प्रशासकों ने पदभार ग्रहण किया। इसके कुछ घंटे बाद ही शाम 4.25 बजे दोनों प्रशासकों को वापस हटाने के पंचायती राज विभाग ने आदेश जारी कर दिया। सांसद ने भी लिया था पक्ष, विधायक से तनातनी दोनों प्रशासक भाजपा के कार्यकर्ता है। सांसद दामोदर अग्रवाल ने दोनों प्रशासकों के पक्ष में पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर को पत्र लिखकर दोनों का पक्ष रखा था और मामला राजनीतिक विद्वेष का बताया था। अग्रवाल ने पंचायती राज के प्रमुख शासन सचिव को मामले शिथिलता बरतने को भी कहा था। इधर दोनों प्रशासकों की विधायक लादूलाल पितलिया से भी नहीं बन रही थी। पिछले दिनों एक कार्यक्रम में विधायक खेमाणा गांव गए थे। वहां पर ग्रामीणों ने विधायक को घेर लिया था और हमला कर दिया था।


