श्रीगंगानगर| पश्चिमी विक्षोभ का दबाव कम होने के बाद मौसम में बदलाव जारी है। जिले में सोमवार को भी मौसम साफ रहने से अधिकतम व न्यूनतम दोनों ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। श्रीगंगानगर में सोमवार को अधिकतम तापमान 0.9 डिग्री बढ़कर 31.9 डिग्री सेल्सियस रही। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 0.8 डिग्री बढ़कर 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। भास्कर ने बीते 6 वर्षों में फरवरी माह की अंतिम तारीख पर अधिकतम व न्यूनतम तापमान की पड़ताल की तो हैरान करने वाली बात सामने आई। खास बात यह रही कि बीते इन वर्षों में फरवरी माह के अंत में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री से अधिक नहीं रहा। जबकि वर्ष 2026 की फरवरी में अधिकतम तापमान माह समाप्ति के 6 दिन पहले ही 31 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग संकेत दे रहा है कि दो दिन बाद मौसम थोड़ा और तल्ख होगा। विक्षोभ या मौसम में बदलाव के भी संकेत नहीं हैं। हालांकि अब भी सुबह-शाम की ही ठंडक बची है। दिन में गर्म कपड़े अब पूरी तरह उतर चुके हैं। शाम होने के बाद बच्चे और बुजुर्गों को जरूर बचाव के लिए कपड़े पहनने पड़ रहे हैं।


