फाइलेरिया उन्मूलन, दवा खिलाकर किया जागरूक

भास्कर न्यूज | जांजगीर राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिलेभर में सामूहिक दवा सेवन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट कार्यालय में फाइलेरिया की दवा का सेवन कर लोगों को जागरूकता का संदेश दिया। उनके साथ ही अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी दवा का सेवन कर जनता को प्रेरित किया। कलेक्टर ने आम जन से किसी भी अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न देने और अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और स्वास्थ्य अमले से इस अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी दी कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार जिले में अब तक लक्ष्य जनसंख्या के 90 प्रतिशत से अधिक पात्र व्यक्तियों को दवा खिलाई जा चुकी है। अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर दवा वितरित कर रहे हैं। सामूहिक दवा सेवन की अवधि अब 28 फरवरी तक बढ़ा दी गई है, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। हालांकि गर्भवती महिलाएं, गंभीर बीमार व्यक्ति और दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को यह दवा नहीं दी जा रही है। प्रशासन ने जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए जनता से सहयोग की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *