भास्कर न्यूज |लुधियाना डाबा थाना क्षेत्र के लोहारा इलाके में 3 युवकों ने रंजिश के चलते एक घर में जबरन घुसकर हमला कर दिया। घटना में हन्नी वर्मा (27) और उसका दोस्त रिकी (25) घायल हो गए। मोहल्ले के लोगों ने घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां हन्नी को गंभीर चोट के चलते भर्ती किया। रिकी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायल हन्नी ने बताया कि वह अपने दोस्त के घर मेन गेट बंद करके बैठा था। इसी दौरान तीन युवक दीवार फांदकर घर में घुसे और तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। बचाव के लिए आए रिकी पर भी हमलावरों ने हमला किया। जाते-जाते आरोपी उनके दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक, हन्नी के सिर पर गहरी चोटें आई हैं। हन्नी के पिता अश्वनी ने बताया कि घटना की जानकारी थाना डाबा पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।