पंडरिया के मुंगेली रोड स्थित मार्केटिंग वितरण संस्था मर्यादित के नाम दर्ज शासकीय भूमि पर बने गोदाम को कथित रूप से जेसीबी मशीन से ढहा दिया गया। संस्था के पदाधिकारियों ने इसे जानबूझकर की गई क्षति बताते हुए लगभग 5 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है। मामले में पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार, खसरा नंबर 737/15, रकबा 0.040 हेक्टेयर भूमि मार्केटिंग वितरण संस्था मर्यादित पंडरिया के नाम दर्ज है। इसी भूमि पर वर्षों से गोदाम निर्मित था। आरोप है कि 28 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 10 बजे कुछ लोग जेसीबी लेकर पहुंचे और बिना किसी वैध आदेश के गोदाम को तोड़ दिया। पदाधिकारियों का कहना है कि तोड़फोड़ के दौरान न केवल भवन को क्षति पहुंचाई गई, बल्कि मौके पर अवैध कब्जे की कोशिश भी की। डिस्मेंटल करने आदेश नहीं थाना स्तर पर की गई जांच में तहसीलदार पंडरिया से तथ्यात्मक रिपोर्ट मंगाई गई। रिपोर्ट में उल्लेख है कि संबंधित खसरा नंबर की भूमि पर स्थित भवन को डिस्मेंटल करने संबंधी कोई आदेश बीएनएस की धारा 152 के तहत जारी नहीं किया गया था। यानी प्रशासनिक स्तर पर तोड़फोड़ का कोई वैध निर्देश उपलब्ध नहीं है।


