पाली | शहर के जूनी कचहरी क्षेत्र स्थित स्वावलंबन प्रशिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में आयोजित रेलवे रियायत कार्ड शिविर संपन्न हुआ। यह शिविर स्वावलंबन फाउंडेशन तत्वावधान में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक किया था। फाउंडेशन के नितेश तोषावरा ने बताया कि शिविर में कुल 62 दिव्यांगजनों के रेलवे रियायत कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण की। आवेदकों के दस्तावेजों की जांच, स्कैनिंग, फोटो अपलोडिंग, सत्यापन एवं फॉर्म भरवाने की संपूर्ण सुविधा शिविर में उपलब्ध कराई। इस प्रक्रिया में फाउंडेशन की प्रशिक्षित टीम ने दिव्यांगजनों को हर संभव सहयोग दिया। लाभार्थियों के लिए 2 सहायता काउंटर स्थापित किए थे। केंद्र में बैठने, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की, जिससे लाभार्थियों और उनके परिजनों को कोई असुविधा न हो। इस प्रयास के माध्यम से दिव्यांगजनों को रेल यात्रा में रियायत का लाभ प्राप्त करने में बड़ी सुविधा होगी, जिससे उनकी सामाजिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा। संचालन में सम्पत पारख, वैभव सोनी, जिनेश चौपड़ा, हितेश चौपड़ा, मयंक भाटी, अक्षत लोढ़ा, रमन विश्नोई और पूजा शर्मा आदि का विशेष योगदान रहा।


