चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान में आई गिरावट:मौसम विभाग का अनुमान – मौसम रहेगा साफ, टेंपरेचर में होगी बढ़ोतरी

चित्तौड़गढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। पिछले दो दिनों से दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे दोपहर में गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है। मंगलवार सुबह शहर में तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई। आसमान पूरी तरह साफ रहा और सुबह से ही धूप चुभने लगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो रविवार के मुकाबले 1.2 डिग्री ज्यादा रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री था। रात में हल्की ठंडक, न्यूनतम तापमान में गिरावट हालांकि दिन में गर्मी बढ़ रही है, लेकिन रात के तापमान में हल्की गिरावट देखी गई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रविवार को यह 15.6 डिग्री था। यानी पिछले 24 घंटे में रात के तापमान में करीब एक डिग्री की कमी आई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आसपास के जिलों में हुई बारिश का असर चित्तौड़गढ़ में भी देखने को मिला है। राजस्थान के कई जिलों में सोमवार को बारिश हुई थी, जिससे हवा में नमी बढ़ी और रात के तापमान में गिरावट आई। इसी कारण सुबह और देर रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। हालांकि यह गिरावट ज्यादा बड़ी नहीं है, लेकिन दिन और रात के तापमान में फर्क साफ दिखाई दे रहा है। एक हफ्ते तक मौसम रहेगा साफ और शुष्क मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल चित्तौड़गढ़ में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले करीब एक हफ्ते तक आसमान साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान दिन का तापमान धीरे-धीरे और बढ़ सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का कोई नया सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए मौसम में बड़ा बदलाव फिलहाल नहीं होगा। साफ मौसम के कारण धूप तेज रहेगी और आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *