अजमेर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। चोरों ने सूने घरों के साथ मंदिर को भी निशाना बना रहे हैं। शहर के हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र के अलखनंदा कॉलोनी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भी चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने मंदिर में घुसकर 1 किलो वजनी चांदी का छत्र चोरी कर फरार हो गए। पड़ोस में लगे सीसीटीवी में वारदात कैद हुई है। हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश जानकारी के अनुसार अलखनंदा कॉलोनी में स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में घुसकर चोर 1 किलो वजनी चांदी का छत्र चुरा कर ले गए। मामले में हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। पहले भगवान को धोक लगाई, फिर छत्र चुराया मंदिर के पुजारी रामनिवास तिवारी के मुताबिक दूज के दिन मंदिर खुला हुआ था। इस दौरान दो युवक मंदिर में आए और भगवान को धोक देने के बाद चांदी का छत्र चुरा कर ले गए। घटना के वक्त मंदिर में कोई नहीं था। किसी श्रद्धालु ने मंदिर के गेट बंद नहीं किया। जब सीसीटीवी कैमरे चेक किया तो उसमें नजर आए कि दो युवक बाइक पर मंदिर के आसपास रेकी करते नजर आए।


