ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने 23 फरवरी को बेंगलुरु के बाहरी इलाके कट्टिगेनाहल्ली में एशिया का अपना दूसरा सबसे बड़ा ऑफिस खोला है। 11 लाख स्क्वेयर फीट में फैला यह 12 मंजिला कैंपस अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। ऑफिस में ई-कॉमर्स, ऑपरेशंस, पेमेंट्स, टेक्नोलॉजी और सेलर सर्विसेज जैसे विभागों के 7,000 से ज्यादा कर्मचारी एक साथ काम कर सकेंगे। अमेजन के ऑफिस की 5 तस्वीरें… 2030 तक ₹3.20 लाख करोड़ और निवेश करेगी कंपनी अमेजन का यह नया कैंपस करीब 5 एकड़ जमीन पर बना है। अमेजन के ग्लोबल अफेयर्स और लीगल ऑफिसर डेविड जापोल्स्की ने बताया कि भारत में टेक्नोलॉजी अपनाने की रफ्तार और AI को लेकर जो उत्साह है, वैसा दुनिया के किसी और देश में नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेजन अब तक भारत में अपने सभी बिजनेस में 40 बिलियन डॉलर (करीब 3.60 लाख करोड़ रुपए) का निवेश कर चुकी है। कंपनी ने 2030 तक 35 बिलियन डॉलर (करीब 3.20 लाख करोड़ रुपए) का अतिरिक्त निवेश करने का वादा किया है। अमेजन नाउ अब दुनिया के दूसरे देशों में भी पहुंचेगा डेविड जापोल्स्की ने बताया कि भारत के तेज रफ्तार वाले शहरों के लिए डिजाइन किया गया ‘अमेजन नाउ’ (क्विक कॉमर्स आउटलेट) काफी सफल रहा है। अब कंपनी भारत के इस मॉडल को मिडिल ईस्ट, नॉर्थ अमेरिका, यूरोप और लैटिन अमेरिका जैसे बाजारों में भी ले जा रही है। मंत्री एम.बी. पाटिल बोले- बेंगलुरु ग्लोबल इनोवेशन हब के रूप में उभरा कैंपस के उद्घाटन समारोह में कर्नाटक के भारी और मध्यम उद्योग मंत्री एम.बी. पाटिल भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि अमेजन द्वारा बेंगलुरु में लगातार किया जा रहा निवेश यह दर्शाता है कि भारत ग्लोबल टेक्नोलॉजी और इनोवेशन हब के रूप में मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बड़े कैंपस से न केवल नौकरियां पैदा होती हैं, बल्कि स्थानीय इकोसिस्टम और देश की डिजिटल इकोनॉमी को भी मजबूती मिलती है। नॉलेज बॉक्स: एशिया में अमेजन का सबसे बड़ा ऑफिस कहां है? अमेजन का एशिया और दुनिया में सबसे बड़ा ऑफिस हैदराबाद में है। 2019 में शुरू हुआ यह कैंपस 9.5 एकड़ में फैला है और यहां करीब 15,000 कर्मचारी काम कर सकते हैं।


