स्पाइसजेट की इंटरनेशनल फ्लाइट 11 घंटे लेट:दुबई जाने वाले पैसेंजर्स जयपुर में अटके, एयरपोर्ट पर हुए परेशान

स्पाइसजेट एयरलाइंस की जयपुर से दुबई जाने वाली इंटरनेशनल फ्लाइट मंगलवार को फिर से डिले हो गई है। जिससे दुबई जाने वाले पैसेंजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फ्लाइट संख्या SG – 57, जो रोजाना जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर दुबई के लिए रवाना होती है, वह आज अपने निर्धारित वक्त से करीब 11 घंटे देरी से संचालित हो रही है। दरअसल, स्पाइसजेट एयरलाइंस की यह फ्लाइट अब रात करीब 8 बजकर 30 मिनट पर जयपुर से रवाना होगी। फ्लाइट के ज्यादा लेट होने की सूचना समय पर नहीं मिलने से कई पैसेंजर्स सुबह ही एयरपोर्ट पहुंच गए थे। जब उन्हें फ्लाइट के देरी से जाने की जानकारी मिली, तो उन्हें अब घंटों तक एयरपोर्ट पर फ्लाइट का इंतजार करना पड़ेगा। पैसेंजर्स का कहना है-सूचना नहीं दी मौजूदा स्थिति की वजह से कई पैसेंजर्स को टर्मिनल बिल्डिंग के बाहर ही इंतजार करना पड़ रहा है। पैसेंजर्स का कहना है कि उन्हें एयरलाइन की ओर से समय पर स्पष्ट सूचना नहीं दी गई, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई। जबकि कुछ पैसेंजर्स ने बताया कि वे सुबह से ही एयरपोर्ट पर मौजूद हैं, लेकिन फ्लाइट के बारे में लगातार बदलती जानकारी मिलने से उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। पैसेंजर्स ने आरोप लगाया कि एयरलाइन की ओर से पर्याप्त सुविधाएं और संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। लंबा इंतजार करने के कारण खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, फ्लाइट में देरी का कारण ऑपरेशनल और तकनीकी बताया जा रहा है। हालांकि एयरलाइन की ओर से आधिकारिक रूप से फिलहाल कोई बयान जारी नहीं किया गया है। बता दें कि जयपुर से दुबई के लिए यह फ्लाइट बड़ी संख्या में पैसेंजर्स के लिए महत्वपूर्ण इंटरनेशनल कनेक्टिविटी प्रदान करती है। ऐसे में फ्लाइट के बहुत ज्यादा लेट होने से कई पैसेंजर्स का आगे का ट्रैवल प्लान और टूर प्लानिंग भी प्रभावित हुई हैं। ऐसे में फिलहाल सभी पैसेंजर्स फ्लाइट के रवाना होने का इंतजार कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *