हाईवे पर 75 मीटर निर्माण हटाने का विरोध जारी:कोटपूतली में व्यापारी 25 फरवरी को जनसभा कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे

कोटपूतली में नेशनल हाइवे के केंद्र बिंदु से 75 मीटर के दायरे में आने वाले निर्माणों को हटाने के जोधपुर उच्च कोर्ट के आदेश का विरोध लगातार जारी है। स्थानीय व्यापारियों ने इस नियम को जनहित के विपरीत बताते हुए सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि 75 मीटर का नियम लागू होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होगा। छोटे और मध्यम वर्ग के दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है। इस मुद्दे पर नगर परिषद पार्क में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर को सौपेंगे ज्ञापन बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 25 फरवरी, बुधवार को सुबह 11 बजे नगर परिषद पार्क में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद एक महारैली के रूप में जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसी क्रम में सोमवार को व्यापारियों ने हाईवे के 75 मीटर दायरे में आने वाले सभी प्रतिष्ठान मालिकों और आवास मालिकों से जनसंपर्क किया। वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक कुमार बंसल ने बताया कि उन्हें 25 फरवरी के आयोजन की जानकारी दी गई। व्यापारियों ने 25 फरवरी को हाईवे स्थित प्रतिष्ठानों को बंद रखने और जनसभा व महारैली में बड़ी संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष मैथली शरण बंसल, सुगन भाई, मौजीराम गुर्जर, पूर्व पार्षद भीखाराम सैनी, हरिराम सैनी, राहुल अग्रवाल, अरुण गर्ग, जितेंद्र जलेन्द्रा और प्रकाश दायमा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *