बलरामपुर जिले में शांति और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर राजेंद्र कटारा और एसपी वैभव बैंकर ने राजस्व, पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक ली। यह बैठक संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में आयोजित की गई। इसमें आगामी त्योहारों, सीमावर्ती चेकपोस्टों की निगरानी, अवैध गतिविधियों की रोकथाम और विभागीय समन्वय पर विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कलेक्टर ने राजस्व और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय, सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर आवश्यक तैयारियां समय से पहले पूरी करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा। कलेक्टर के सख्त निर्देश कलेक्टर ने लोक शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की सीमाओं पर स्थापित चेकपोस्टों में सख्त निगरानी, वाहनों की नियमित जांच और खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इसके अलावा अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सतत अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए। एसपी ने सतर्कता बढ़ाने को कहा एसपी वैभव बैंकर ने बैठक में कहा कि जिले की कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी असामाजिक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को समन्वय, सजगता और सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।


