सांसद और सदस्य बोले-निरीक्षण से पहले हमें बताएं GM:पुरानी-मांगें पूरी नहीं होने पर ZRUCC के सदस्यों ने जताई नाराजगी, कहा-मेन्यू में शामिल हो दाल-भात और टमाटर-चटनी

बिलासपुर रेलवे जोनल मुख्यालय में क्षेत्रीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की बैठक में सांसदों और सदस्यों ने रेलवे प्रशासन और अफसरों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने पुरानी मांगे पूरी नहीं होने पर नाराजगी भी जताई। साथ ही कहा कि रेलवे के महाप्रबंधक (GM) जब निरीक्षण में जाते हैं, तो स्थानीय सदस्यों को इसकी जानकारी दी जाए। ताकि, उन्हें हकीकत जानने और बताने का मौका मिल सके। वहीं, सदस्यों ने कि रेलवे के फूड मेन्यू में स्थानीय स्वाद यानी दाल-भात और टमाटर की चटनी शामिल की जाए। ZRUCC की 21वीं बैठक सोमवार को हुई। बैठक में दुर्ग सांसद विजय बघेल ने कहा कि रेलवे का उद्देश्य सेवा होना चाहिए, कमाई नहीं। उन्होंने मुद्दा उठाया कि कई स्टेशनों पर एसी वेटिंग हॉल के नाम पर आम जनता से शुल्क वसूला जा रहा है, जो तत्काल बंद होना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि जो सुविधाएं आम यात्रियों के लिए हैं, वे निशुल्क ही रहनी चाहिए। अमृत भारत स्टेशन के निर्माण कार्यों में अनियमितता का आरोप
बैठक में सांसदों और सदस्यों ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। सदस्यों ने सीधे तौर पर शिकायत की कि कई स्टेशनों पर घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है। इसके अलावा पुरानी लंबित मांगों को पूरा न करने पर भी रेलवे अफसरों को घेरा गया। रायगढ़ सांसद बोले- राजा ने जमीन दी, रेलवे ने स्टॉपेज छीना
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने रायगढ़ स्टेशन के जीर्णोद्धार में हो रहे घटिया क्वालिटी काम की जांच की मांग की। उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि जब राजा भूपदेव सिंह ने रेलवे को हजारों एकड़ जमीन दी थी, तब समझौता हुआ था कि हर ट्रेन यहां रुकेगी। लेकिन वर्तमान में ज्ञानेश्वरी, हमसफर और पटना-हैदराबाद समेत 7 जोड़ी प्रमुख ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं है। उन्होंने रायगढ़ से वंदे भारत चलाने की भी मांग की। बिलासपुर जोन के लिए नई ट्रेनों की मांग बिलासपुर से सदस्य दीपक सिंह ने बिलासपुर जोन के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें कीं, जिसमें बिलासपुर-टाटानगर (सिटिंग) और बिलासपुर-बेंगलुरु (स्लीपर) वंदे भारत चलाने, शहडोल-नागपुर ट्रेन को बिलासपुर तक बढ़ाने और बिलासपुर-मुंबई नई सुपरफास्ट ट्रेन की मांग शामिल है। इसके अलावा पुणे, हापा, तिरुनेलवेली और चेन्नई एक्सप्रेस को सप्ताह में 1 के बजाय 3 दिन चलाने की मांग की। मेन्यू में शामिल हो दाल-भात और टमाटर चटनी
खान-पान को लेकर भी दिलचस्प मांग सामने आई। सदस्य दीपक सिंह ने सुझाव दिया कि रेलवे के फूड मेन्यू में स्थानीय स्वाद यानी दाल-भात और टमाटर की चटनी शामिल की जाए। साथ ही सभी स्टॉल्स पर गरम पूड़ी-सब्जी और ताजी चाय के लिए इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हों के उपयोग की अनुमति देने की मांग की गई। जीएम ने कहा- यात्री सुविधा ही हमारा उद्देश्य
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने जोन की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि यात्रियों की अपेक्षाएं पूरी करना हमारी प्राथमिकता है। अमृत भारत योजना के तहत बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग समेत 47 स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। उन्होंने सदस्यों के सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *