धौलपुर में पुलिस ने किडनैप और पॉक्सो एक्ट के एक मामले में 5 साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है।
महिला थाना धौलपुर के थानाधिकारी निरीक्षक सहीराम यादव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई थी। इस टीम ने तकनीकी सहायता का उपयोग कर बदमाश को पकड़ा। महिला थाना में 25 जून 2021 को एक नाबालिग लड़की के किडनैप की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर पॉक्सो एक्ट के तहत जांच शुरू की गई।
घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान व ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीमों ने उसे पकड़ने के लिए सहारनपुर, दिल्ली और आगरा सहित कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। साइबर सेल की मदद से लोकेशन का पता लगाया
उसकी गिरफ्तारी पर एसपी ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने तकनीकी साधनों और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। 24 फरवरी को पुलिस टीम ने उसे ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी में साइबर टीम के कॉन्स्टेबल राहुल की अहम भूमिका रही।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सहीराम यादव, डीएसटी टीम प्रभारी सब इंस्पेक्टर घनश्याम सिंह, हेड कॉन्स्टेबल कपिल शर्मा, साइबर सेल इंचार्ज हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल राहुल, नरेंद्र, अमित शर्मा और कुलदीप सिंह शामिल थे।


