छत्तीसगढ़ के मरवाही इलाके में मादा भालू अपने शावक के साथ सड़क पार करते हुए दिखाई दी। यह घटना लिटियासरई क्षेत्र की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इंसानों और वाहनों की आवाज सुनते ही भालू अपने बच्चे के साथ वापस जंगल की ओर चला गया। वन विभाग का कहना है कि पतझड़ के बाद महुआ फूलों का सीजन शुरू हो गया है। महुआ के कारण भालू आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास अधिक नजर आ रहे हैं। टकराव का खतरा बढ़ा भालुओं की लगातार गांवों के पास आवाजाही से इंसान और वन्यजीव के बीच टकराव का खतरा बढ़ गया है। वन विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। रात में अकेले बाहर न निकलें और भालू दिखने पर दूरी बनाए रखें। गश्त बढ़ी, जागरूकता अभियान शुरू मरवाही क्षेत्र में पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इसे देखते हुए वनकर्मी गश्त बढ़ा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि महुआ के पेड़ों के पास भालुओं की आवाजाही बढ़ने से खेती प्रभावित हो रही है। वन विभाग ने लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने की घोषणा की है।


