धौलपुर में सैन समाज ने प्रदर्शन किया। बीकानेर जिले में एक नाबालिग की रेप-हत्या मामले में यह प्रदर्शन किया गया। सैन समाज विकास समिति के नेतृत्व में समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम प्रशासनिक अधिकारी रितु राज शर्मा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि 21 फरवरी को बीकानेर जिले में बोर्ड परीक्षा देने घर से निकली एक नाबालिग लापता हो गई थी, जिसका शव बाद में मिला। बाद में उसका शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला। इस निर्मम घटना से सैन समाज सहित सर्व समाज में गहरा रोष व्याप्त है।
बीकानेर में इस मामले को लेकर 2 दिन से लगातार धरना-प्रदर्शन जारी है, लेकिन अब तक प्रशासन ने समाज की मांगों को स्वीकार नहीं किया है। समिति के कोषाध्यक्ष बन्द्र प्रसाद सैन और अन्य पदाधिकारियों ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाने और दोषियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, एक डेयरी बूथ आवंटित करने और मुख्यमंत्री राहत कोष से कम से कम एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग रखी।


