यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा को अखिल भारतीय स्वच्छता सेवा दल का मुख्य संरक्षक नियुक्त किया गया है। टीम के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण बंसल ने यह जानकारी दी। इस अवसर पर मंत्री खर्रा ने खाटू श्याम मंदिर मेले में आए सभी भक्तों से स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया। मंत्री का साफा पहनाकर किया सम्मान स्वच्छता सेवा दल के कार्यकर्ताओं ने मंत्री खर्रा का साफा पहनाकर और प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान मंत्री खर्रा ने दल के सदस्यों के अथक परिश्रम, अनुशासन और सेवा भावना की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि दल ने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवन मूल्य बनाकर देश के कोने-कोने तक इसका संदेश पहुंचाया है। मंत्री ने राष्ट्र सेवा के इस पावन कार्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए ‘स्वच्छता ही सेवा’ की भावना के साथ उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। 10 सालों से टीम कर रही काम दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतू माली ने बताया कि टीम पिछले 10 वर्षों से निरंतर सेवा कार्य कर रही है। इसमें 700 से अधिक स्वयंसेवक निःस्वार्थ भाव से जुड़े हुए हैं। फाल्गुन मेले पर 10 दिवसीय विशेष सेवा कार्य के साथ-साथ, टीम द्वारा प्रति माह दशमी, एकादशी और द्वादशी पर भी नियमित स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। यह इस वर्ष का 10वां वार्षिक महाभियान और 120वां मासिक स्वच्छता महाभियान होगा। इन अभियानों में मंदिर कमेटी, प्रशासन और स्थानीय निवासियों का विशेष सहयोग रहता है। टीम के संरक्षक और आगर मालवा (मध्यप्रदेश) के विधायक माधव सिंह गहलोत ने भी स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छता पर ध्यान देने की अपील उन्होंने कहा कि खाटू के कण-कण में सांवरा बसता है, इसलिए सभी श्याम प्रेमियों को खाटू में गुटका, पान, बीड़ी, तंबाकू का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से खाटू को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया। इस अवसर पर टीम की महासचिव आकांक्षा माली, कोषाध्यक्ष उमेश कुमार गुप्ता, कंचन राघव समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


