मनेन्द्रगढ़ नगर पालिका परिषद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 17 महिला हितग्राहियों को रसोई गैस कनेक्शन और सिलेंडर वितरित किए गए। केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को यह लाभ प्रदान किया गया। वितरण कार्यक्रम के दौरान वार्ड नंबर 19 के पार्षद अजय जायसवाल और पार्षद मुकेश अग्रवाल ने योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि उज्ज्वला योजना का मुख्य लक्ष्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराकर धुएं से मुक्ति दिलाना है। पार्षदों ने आगे कहा कि सालों से लकड़ी और कोयले के पारंपरिक चूल्हों पर खाना बनाने से महिलाओं को आंखों में जलन, सांस की तकलीफ और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता था। गैस कनेक्शन मिलने से अब उन्हें न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी, बल्कि खाना बनाने में लगने वाले समय की भी बचत होगी। गैस कनेक्शन से महिलाओं को राहत महिला हितग्राही निशा सोनी ने बताया कि रसोई गैस मिलने से अब उन्हें परिवार की देखभाल और अन्य कार्यों के लिए अधिक समय मिलेगा। अन्य महिला हितग्राहियों ने भी केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस योजना को उनके लिए महत्वपूर्ण बताया। पात्रता अनुसार चयन, सभी को जोड़ने का भरोसा जनप्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि पात्र हितग्राहियों का चयन शासन की ओर से निर्धारित मापदंडों के अनुसार किया गया है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि जिन परिवारों को अभी तक इस योजना का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें भी जल्द ही इससे जोड़ा जाएगा। साथ ही, महिलाओं को गैस के सुरक्षित उपयोग संबंधी आवश्यक जानकारी और प्रशिक्षण भी दिया गया। अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का लक्ष्य कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उज्ज्वला योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो महिलाओं के सशक्तिकरण और स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दे रही है।


