राजस्व मंडल अध्यक्ष हेमंत कुमार गेरा ने मंगलवार को बूंदी जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न अनुभागों के कामकाज की बारीकियों को परखा और लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान अध्यक्ष गेरा ने ‘राजकाज’ पोर्टल के माध्यम से किए जा रहे ई-फाइलिंग कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने न केवल फीडबैक लिया, बल्कि स्वयं पोर्टल पर जाकर निस्तारित और संधारित फाइलों की गहनता से जांच भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में सुगमता और पारदर्शिता लाने के लिए तकनीकी उपकरणों को समय-समय पर अपग्रेड किया जाए। रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया
राजस्व बोर्ड अध्यक्ष ने रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुराने राजस्व दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गेरा ने कहा कि वर्षों पुराने रिकॉर्ड को नष्ट होने से बचाने के लिए उन्हें स्कैन कर डिजिटल रूप में सुरक्षित रखा जाए। इसके लिए एक विस्तृत ‘प्रोजेक्ट रिपोर्ट’ तैयार करने को कहा गया। साथ ही, कार्यालय में जमा अनुपयोगी सामान का नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। गेरा ने मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त प्रकरणों, अभाव अभियोग और लोकायुक्त से संबंधित मामलों की प्रगति रिपोर्ट का भी अवलोकन किया। प्रतिलिपि शाखा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने माहवार जारी होने वाली प्रतियों (नकल) की संख्या की जांच की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने जिला रसद कार्यालय, सहायता अनुभाग और सांख्यिकी कार्यालय का भी निरीक्षण कर वहां किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
इस निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा, एडीएम रामकिशोर मीणा, एसडीएम लक्ष्मीकांत मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।


