गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता एक शादी समारोह से लौट रही थी। पुलिस के अनुसार, शादी समारोह से लौटते समय चार युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा दिया और अपनी बाइक पर बैठा लिया। रास्ते में सुनसान जगह पर युवकों ने बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया। यह घटना रविवार शाम की है। सोमवार को पीड़िता अपने परिजनों के साथ भरनो थाना पहुंची दुष्कर्म के बाद पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सोमवार को पीड़िता अपने परिजनों के साथ भरनो थाना पहुंची और आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार रात को ही चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है। भरनो थाना प्रभारी कंचन प्रजापति ने बताया कि प्रारंभिक जांच और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया जाएगा ताकि साक्ष्य जुटाए जा सकें। ग्रामीण दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे पुलिस ने बताया कि सभी आरोपितों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। प्रशासन ने पीड़िता को हरसंभव सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और ग्रामीण दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।


