विपक्ष ने बजट-2026 पर कसा तंज,मंत्री-नेताम ने कहा-होगा चहुमुखी विकास:बैज बोले-ज्ञान का अल्पज्ञान हो गया, गति की दुर्गति, महंत ने शब्दों का मायाजाल बताया

छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने साय सरकार का तीसरा बजट पेश किया। उन्होंने सदन में 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपए का बजट रखा। इस बार बजट की थीम ‘संकल्प’ रखी गई थी। वित्त मंत्री ने करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक बजट भाषण पढ़ा। बजट में किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज देने की घोषणा की गई है। साथ ही 18 साल पूरे होने पर बेटियों को डेढ़ लाख रुपए देने का प्रावधान किया गया है। राज्य में 23 नए उद्योग खोलने और 5 बड़े शहरों के एयरपोर्ट पर शोरूम खोलने की भी योजना है। इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास कार्यों के लिए बड़े वित्तीय प्रावधान किए गए हैं। बजट पेश होने के बाद पक्ष और विपक्ष के नेताओं ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। चरण दास महंत बोले- बजट सिर्फ शब्दों का मायाजाल इस बजट पर नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने कहा कि ओपी चौधरी ने बजट को बहुत अच्छे और आकर्षक शब्दों में पेश किया है, लेकिन असल में इसमें खास कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बजट में ऐसा कुछ भी नहीं है, जो छत्तीसगढ़ के किसानों को कुछ दे। इस बजट में ऐसा कुछ नहीं है, जो छत्तीसगढ़ के नौजवानों के लिए कुछ दे। आम नागरिकों को चि​कित्सा, शिक्षा की जरूरत है। इस बजट में उनके लिए कुछ दिख नहीं रहा है। ये बजट शब्दों का मायाजाल है। कैश ट्रांजेक्शन पर उन्होंने कहा, ये कैश ट्रांजेक्शन दिखाकर कैश की कैसे अफरा-तफरी कैसे करेंगे। मुझे नहीं लगता है कि उन्होंने जो सपने देखें हैं वो पूरे हो पाएंगे। रामविचार नेताम: बजट में गांव, गरीब, किसान और युवाओं पर खास जोर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सरकार ने इस बजट में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, बुजुर्ग और महिलाओं का खास ध्यान रखा है। सरकार की योजनाओं और नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत जो वादे किए गए थे, उन्हें पूरा करने के लिए बजट में जरूरी प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बजट से छत्तीसगढ़ राज्य का चहुमुखी विकास होगा। नए-नए संस्थानों को राज्य में आने का न्योता भी दिया जा रहा है। साथ ही बेरोजगार युवाओं के लिए भी कई योजनाएं शामिल की गई हैं। इनमें स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम चलाना और नए विचारों (नवाचार) को बढ़ावा देना शामिल है। ज्ञान का अल्पज्ञान हो गया, गति की दुर्गति हो गई- बैज बजट को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा- ज्ञान का अल्पज्ञान हो गया, गति की दुर्गति हो गई और अब संकल्प के बजट पर भी मुझे भरोसा नहीं है, रोजगार, धान, किसान किसी पर बात नहीं हुई है। कैशलेस इलाज की घोषणा का राज्य कर्मचारियों ने किया स्वागत बजट में बीमारी के इलाज के लिए कैशलेस इलाज की घोषणा पर राज्य कर्मचारियों ने खुशी जताई है। छत्तीसगढ़ कैशलेस चिकित्सा सेवा कर्मचारी कल्याण संघ के संभागीय सचिव कुंदन साहू ने कहा, छत्तीसगढ़ के साढ़े पांच लाख कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा की घोषणा हुई है। ये घोषणा हमारे और हमारे परिवार वालों के लिए खुशी की बात है। इससे पहले कैंसर, किडनी सहित अन्य गंभीर बीमारी के इलाज के लिए कर्मचारियों को अपनी जेब से पैसा खर्च करना पड़ता था। इलाज में खेत-खलिहान, जमीन-जायदाद भी बिक जाता था। लेकिन इस योजना के तहत बीमारी के इलाज में कर्मचारियों का अब नि:शुल्क इलाज होगा। हर वर्ग का रखा गया ध्यान ललित जैसिंघ रायपुर बीजेपी जिला उपाध्यक्ष ललित जैसिंघ ने कहा, बजट 2026/2027 में वित्त मंत्री ओ पी चौधरी द्वारा पेश किया बजट हर वर्ग का ध्यान रखा गया आने वाले कल छत्तीसगढ़ देश के पांच राज्यों में रहेगा बहुत ही सराहनीय बजट मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवम वित्त मंत्री ओ पी चौधरी को बधाई एवम शुभकामनाएं

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *