सलूंबर शहर के शहरी क्षेत्र में नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने के बावजूद कई घरों में कनेक्शन दोबारा नहीं जोड़े गए हैं। इसके चलते पेयजल आपूर्ति बाधित है और गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। जल्द व्यवस्था सुचारू करने की मांग नगर कांग्रेस कमेटी, सलूम्बर ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के अधिशाषी अभियंता से जल्द व्यवस्थाएं सुचारु करने की मांग की है। समिति ने बताया कि पाइपलाइन बिछाए जाने के काफी समय बाद भी कनेक्शन बिंदुओं (झारियों) को पुनः नहीं जोड़ा गया है, जिससे कई घरों में जलापूर्ति ठप है। आमजन को आवागमन में परेशानी पेयजल पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत भी नहीं की गई है। जगह-जगह सड़कें खुदी पड़ी हैं, जिससे आमजन को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। त्योहारों का समय नजदीक है; होली में अब आठ दिन से भी कम समय बचा है। खुदी सड़क से महिला श्रद्धालु परेशान होली के बाद दस दिनों तक दशा माता पूजन के लिए महिलाएं सूरज पोल बाहर स्थित शीतला माताजी मंदिर में प्रतिदिन बिना चप्पल के जाती हैं। इसी मार्ग पर खुदी हुई सड़क के कारण महिलाओं को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ेगा और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग नगर कांग्रेस कमेटी ने विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उनकी प्रमुख मांगों में पेयजल कनेक्शन तुरंत जोड़ना, बाधित जलापूर्ति को शीघ्र सुचारु करना और खुदी हुई सड़कों को समतल कर मरम्मत कार्य जल्द पूरा करना शामिल है।


