सरगुजा ACB की टीम ने कोरिया जिले के पोड़ी चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने चौकी में पदस्थ एक ASI को भी हिरासत में लिया है। हालांकि उनकी भूमिका को लेकर एसीबी ने जानकारी नहीं दी है। दोनों को ACB कार्यालय अंबिकापुर लाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कोरिया जिले के पोड़ी चौकी के चौकी प्रभारी SI अब्दुल मुनाफ ने ग्राम कदम बहरा निवासी ग्रामीण सत्येंद्र प्रजापति को एक मामले में फंसाने की धमकी देकर उसे बचाने के नाम पर 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। सत्येंद्र प्रजापति ने इसकी शिकायत सरगुजा ACB से की। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर ACB ने कार्रवाई के लिए योजना बनाई। रिश्वत लेते पकड़े गए चौकी प्रभारी
ACB के DSP प्रमोद कुमार खेस ने बताया कि मंगलवार को ACB की टीम मंगलवार को बचरा-पोड़ी पहुंची। ACB की टीम ने शिकायतकर्ता संजय प्रजापति को केमिकल लगे 25 हजार रुपये के नोट देकर अंदर भेजा। चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को संजय प्रजापति ने 25 हजार रुपये दिए और इशारा किया। इशारा मिलते ही ACB की टीम चौकी के अंदर घुसी और चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को हिरासत में ले लिया। उनके पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है। चौकी में पदस्थ ASI धु्रव प्रसाद यादव को भी ACB की टीम ने हिरासत में लिया है। हालांकि उनकी भूमिका अभी स्पष्ट नहीं है। ACB के डीएसपी प्रमोद कुमार खेस ने बताया कि कुछ देर में कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।


