डीडवाना में बूथ यथावत रखने की मांग पर प्रदर्शन:देपुर रघुनाथपुरा के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जताया विरोध

डीडवाना-कुचामन जिले के नावां उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत देपुर रघुनाथपुरा के सैकड़ों ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने पंचायत बूथ संख्या 90 और 91 को यथावत रखने की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और बूथों में किसी भी बदलाव का कड़ा विरोध जताया। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत को बताया कि वर्तमान में बूथ संख्या 90 और 91 गांव की आबादी और भौगोलिक स्थिति के अनुसार सुविधाजनक स्थानों पर संचालित हो रहे हैं। उनका तर्क है कि यदि इन बूथों का स्थान बदला जाता है, तो बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं को मतदान करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों के अनुसार, रघुनाथपुरा गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां वर्तमान में विधानसभा पोलिंग बूथ संख्या 153 (अब 186) संचालित है और ग्रामीण लंबे समय से इसी स्थान पर मतदान करते आ रहे हैं। इसलिए किसी भी प्रकार का बदलाव अनावश्यक है। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने नावां तहसीलदार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि तहसीलदार ने भौतिक सत्यापन की झूठी और तथ्यों से परे रिपोर्ट तैयार कर चुनाव आयोग को भेजी है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह रिपोर्ट वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाती और तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत कर प्रशासन को गुमराह किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और बूथ संख्या 90 व 91 को पूर्ववत रखने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट परिसर में एकजुट हुए और अपनी नाराजगी व्यक्त की। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच करवाई जाएगी और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार उचित निर्णय लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *