हनुमानगढ़ में मेडिकल प्रीमियर लीग-4 के पोस्टर का मंगलवार को विमोचन किया गया। यह क्रिकेट प्रतियोगिता 8 मार्च को चक ज्वाला वाला स्थित एक्सपर्ट एकेडमी में आयोजित होगी। इस आयोजन को लेकर मेडिकल और हेल्थ सेक्टर से जुड़े खिलाड़ियों में उत्साह देखा जा रहा है। प्रतियोगिता में हनुमानगढ़, नोहर और श्रीगंगानगर की मेडिकल एसोसिएशनों के अलावा डेंटल, आयुर्वेदिक, होम्योपैथी, फिजियोथैरेपी, वेटरनरी, नर्सिंग, केमिस्ट, लैब और फार्मा संगठनों की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबले नॉकआउट आधार पर खेले जाएंगे। लीग मैच 8-8 ओवर के होंगे, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल 10-10 ओवर के होंगे। दर्शकों की सुविधा के लिए मैच दिन और रात दोनों समय आयोजित किए जाएंगे। पोस्टर विमोचन के साथ ही आयोजन समिति की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। प्रतियोगिता के चेयरपर्सन डॉ. अमित अरोड़ा ने बताया कि प्रमोद वेबू, डॉ. सुमेश खीचड़ और डॉ. रवि खीचड़ को आयोजन सचिव नियुक्त किया गया है। डॉ. सुमित कुक्कड़ और डॉ. देवेंद्र भांभू आयोजक सह सचिव होंगे, जबकि डॉ. मुकेश पोटलिया, डॉ. धर्मवीर कस्वां और डॉ. हितेश शर्मा को आयोजक उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अंपायर पैनल और स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर की भी घोषणा की गई। मंच संचालन पवन मिड्ढा और अजय शर्मा करेंगे। आयोजन सचिव प्रमोद वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने में विभिन्न संस्थाओं का सहयोग मिल रहा है। आयोजकों का उद्देश्य इस लीग के माध्यम से खेल भावना और आपसी समन्वय को बढ़ावा देना है।


