राजस्थान पेंशनर्स मंच ने जयपुर में पेंशन निदेशालय के अधिकारियों से मुलाकात कर पेंशनर्स की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान झालावाड़ जिले के 55 पेंशनर्स के ब्लॉक आरजीएचएस कार्ड को एक माह में सक्रिय करने का आश्वासन मिला है। राजस्थान पेंशनर्स मंच के प्रदेशाध्यक्ष कैलाश क्रांतिकारी और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अब्दुल मन्नान खान की अध्यक्षता में जिला सचिव आरिफ हुसैन गौरी सहित अन्य प्रतिनिधियों ने पेंशन निदेशक हुकमचंद भुक्कर से मुलाकात की। मंच ने पेंशनर्स को समय पर पेंशन भुगतान न होने, पीएल के नकद भुगतान में अत्यधिक देरी, ऑनलाइन दस्तावेजों को स्वीकार करने में परेशानी, वन विभाग और राजस्थान रोडवेज के पेंशन प्रकरणों में दिक्कतें, और आश्रितों को समय पर पेंशन शुरू न होने जैसी समस्याओं को उठाया। इसके अलावा, आरजीएचएस योजना में कार्ड ब्लॉक होने से दवाइयों की अनुपलब्धता और अस्पताल ओपीडी बजट बढ़ाने की मांग भी रखी गई। पेंशन निदेशक हुकमचंद भुक्कर ने आश्वासन दिया कि अगली वार्ता से पहले अधिकांश समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने वित्तीय समस्याओं के लिए सरकार के बजट पर निर्भरता बताते हुए कहा कि इन मुद्दों को सरकार के समक्ष रखकर निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। आरजीएचएस से संबंधित विशेष मुद्दे पर राजस्थान पेंशनर्स मंच के जिला सचिव आरिफ हुसैन गौरी ने आरजीएचएस प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. निधि पटेल और राजस्थान हेल्थ इंश्योरेंस एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरजीलाल अटल के समक्ष झालावाड़ जिले के 55 पेंशनर्स के ब्लॉक कार्ड का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि झालावाड़ जिला कलेक्टर और सीएमएचओ ने पत्र लिखकर इन पेंशनर्स पर किसी अनियमितता की कार्रवाई प्रस्तावित नहीं होने की पुष्टि की है और कार्ड सक्रिय करने की अनुशंसा भी की है। इस पर दोनों अधिकारियों ने मंच को भरोसा दिलाया कि एक माह के भीतर इन सभी ब्लॉक कार्डों का हर हाल में निस्तारण कर दिया जाएगा। इस अवसर पर झालावाड़ जिले के तीन सदस्यी प्रतिनिधि मंडल में आरिफ़ हुसैन गौरी, लखनलाल बैरागी ओर आफताब आलम ने भाग लिया ओर डूंगर पुर, बांसवाड़ा, गंगानगर, सीकर, जालौर, कोटा, बूंदी, बारां,झालावाड़, बाडमेर, जैसलमेर, जयपुर जिले के पदाधिकारी वार्ता में शामिल हुए।


