पेयजल संकट को लेकर महिलाओं ने किया मटका फोड़ प्रदर्शन:छह महीने से खारा पानी पीने को मजबूर, ऑफिस के घेराव की चेतावनी

गर्मी की शुरुआत के साथ ही शहर के टाउन क्षेत्र में पेयजल संकट गहरा गया है। वार्ड 38 के रूपनगर में पिछले करीब छह माह से पानी की समस्या बनी हुई है। मंगलवार को इस समस्या से परेशान महिलाओं ने एकत्रित होकर सांकेतिक मटका फोड़ प्रदर्शन किया और तत्काल समाधान की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में रोजेदार महिलाएं भी शामिल थीं। वार्डवासी सलमा ने बताया कि क्षेत्र में पानी के लिए मारामारी की स्थिति है। वार्ड का एकमात्र हैंडपंप दो बार खराब हो चुका है। पहले इस हैंडपंप से आसपास की महिलाएं पानी भरती थीं, लेकिन इसके बंद होने के बाद उन्हें दूर-दराज के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। पर्याप्त पानी न मिलने से उनके रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि नलों में शोरायुक्त (खारा) पानी आ रहा है, जिसे पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। विशेषकर रमजान के दौरान रोजेदारों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने मांग की कि खराब हैंडपंप को तुरंत दुरुस्त कराया जाए या नियमित नहरी पानी की सप्लाई सुनिश्चित की जाए। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यह फिलहाल सांकेतिक प्रदर्शन है, लेकिन समाधान नहीं होने पर वे पीएचईडी कार्यालय का घेराव कर आंदोलन तेज करेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *