प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान के तहत मंगलवार को कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की अध्यक्षता में अपूर्ण आवासों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक शाहबाद स्थित एडीएम कार्यालय में हुई। बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत शुभधरा और बीची खुशियारा के ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा अपूर्ण आवासों का विवरण प्रस्तुत नहीं करने और ग्राम पंचायत में आवास निर्माण की वास्तविक प्रगति की जानकारी नहीं होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तीनों ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर तोमर ने यह भी निर्देश दिए कि यदि सात दिनों के भीतर आवास निर्माण की प्रगति नहीं होती है, तो संबंधित ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त किशनगंज के विकास अधिकारी द्वारा योजना की प्रगति की समीक्षा नहीं करने पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर तोमर ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर और विकास अधिकारी किशनगंज को 28 फरवरी को पुनः आवास निर्माण की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित कर निर्धारित समयावधि में आवास पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया। इस समीक्षा बैठक में एडीएम शाहबाद जब्बर सिंह, एसीईओ हरीशचन्द्र मीणा, अधिशाषी अभियन्ता जिला परिषद, शाहबाद व किशनगंज के विकास अधिकारी, सभी ग्राम विकास अधिकारी और आवास प्रभारी उपस्थित रहे।


