भीलवाड़ा में बोलेरो और ऑल्टो कार की टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों कारों के ड्राइवर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची तो ऑल्टो कार से अवैध डोटा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त और डोडा-चूरा जब्त कर लिया। एनडीपीएस की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामला जिले के गुलाबपुरा थाना इलाके के हुरडा रोड का है। जानकारी के अनुसार-हुरडा रोड पर एक ऑल्टो कार और बोलेरो के बीच टक्कर हो गई। बोलेरो सड़क पर पलट गई। हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पलटी हुई बोलेरो कार में कोई नहीं मिला। ऑल्टो कार सवार लोग भी मौके से फरार थे। कार को टीम ने चेक किया तो प्लास्टिक के 3 कट्टों में अवैध डोडा चूरा मिला। पुलिस ने लावारिस कार के नंबरों के आधार पर पड़ताल की तो यह शाहपुर थाना क्षेत्र (भीलवाड़ा) में रहने वाले महेंद्र नाम के व्यक्ति की निकली। पुलिस को शक है कि कार सवार लोग एक्सीडेंट के बाद अवैध डोडा चूरा पकड़े जाने के डर से कार और डोडा चूरा वहीं छोड़कर भाग निकले। फिलहाल गुलाबपुरा थाना पुलिस ने डोडा चूरा और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी कार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।


