बाड़मेर जिले के बीजराड़ थाना इलाके में स्टूडेंट के साथ बेरहमी से मारपीट मामले आक्रोशित ग्रामीण मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। एसडीएम से स्कूल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई और एसपी से साजिशकर्ता को गिरफ्तार करने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि 12वीं बोर्ड एग्जाम शुरू होने से आधा घंटे पहले गेट बंद हो जाता है। स्टाफ की आंखों के सामने से स्टूडेंट का किडनैप किया, लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। ग्रामीणों का कहना है कि मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए है, लेकिन कुछ साजिशकर्ता अभी भी फरार है, उन्हें भी गिरफ्तार किया जाना चाहिए। एग्जाम देने आए स्टूडेंट का किडनैप किया था
दरअसल, सोमवार को 12वीं बोर्ड के पॉलीटिकल साइंस का एग्जाम था। 17 साल का स्टूडेंट एग्जाम देने के लिए पहुंचा था। लेकिन बोलेरो कैंपर में सवार होकर आए बदमाशों ने स्कूल के अंदर घुसकर स्टूडेंट को पकड़ और उसके हाथ-पैर पकड़कर घसीटते हुए किडनैप कर लिया। करीब 10 किलोमीटर दूर ले जाकर स्टूडेंट के साथ बेरहमी से मारपीट की। स्टूडेंट की हाथ और अंगुलियां तोड़ दी। वहीं नाखुन तक उखाड़ लिया। सड़क किनारे फेंक कर भाग गए। स्टूडेंट का फिलहाल बाड़मेर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। आक्रोशित ग्रामीण व परिजन पहले चौहटन इलाके में इकट्ठे हुए। फिर वहां से बाड़मेर जिला मुख्यालय पहुंचे। महावीर पार्क से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां पर एसडीएम को ज्ञापन देकर स्कूल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। आरोप लगाया कि स्कूल से बच्चे का अपहरण करना और किसी की ओर से नहीं रोकना। कहीं न कहीं स्कूल प्रशासन की मिलीभगत को दर्शाता है। वहीं वीडियो में चार युवक दिख रहे है। पुलिस ने उनको तो गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन बोलेरो कैंपर में सवार अन्य लोग और साजिशकर्ता अभी भी फरार चल रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि स्कूल प्रशासन के टीचर और स्टाफ की मिलीभगत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। दोषी पाए जाने पर टीचरों को बर्खास्त किया जाए। वहीं एसपी से हमारी मांग है कि इस पूरे मामले में कुछ लोग और भी शामिल है। उनकी भी गिरफ्तारी होनी चाहिए। पढ़े इससे जुड़ी खबर… स्टूडेंट का स्कूल से किडनैप, अंगुलियां तोड़ी, नाखून उखाड़े:12वीं बोर्ड का एग्जाम देने गया था, बोलेरो में डालकर पीटा; सड़क पर फेंककर भागे


