कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी के थाना तलवंडी चौधरियां के अंतर्गत आने वाले एक गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है। जहां नशा तस्करी का विरोध करने पर एक परिवार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा। गांव की एक महिला ने अपने ही गांव के एक युवक पर नशा बेचने, उसके बच्चों को नशे की लत लगाने और विरोध करने पर उसके साथ रेप के प्रयास तथा जानलेवा हमला करने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित महिला और उसके पति को टिब्बा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। महिला का आरोप है कि गांव का यह युवक लंबे समय से नशा तस्करी कर रहा है और नाबालिग बच्चों को भी मुफ्त नशा देकर उन्हें आदी बनाता है। महिला ने लगाए गंभीर आरोप उसने बताया कि उसके दोनों बेटों को भी आरोपी ने नशे में फंसा दिया, जिसके कारण एक बेटे को डी-एडिक्शन सेंटर भेजना पड़ा और हर महीने भारी खर्च उठाना पड़ रहा है। महिला ने बताया कि जब उसने इस गलत काम का विरोध किया, तो आरोपी पहले भी कई बार घर आकर उसकी और उसके पति की पिटाई कर चुका है। आरोपी ने रेप का प्रयास किया महिला के अनुसार, गत रात आरोपी उसके बेटे को घर से अपने साथ ले गया। काफी तलाश के बावजूद जब बेटा नहीं मिला, तो वह उसे खोजती रही। इसी दौरान आरोपी ने रास्ते में उसे घेर लिया और बुरी तरह पीटा, गला दबाया तथा कपड़े फाड़कर रेप का प्रयास किया। घायल महिला अस्पताल में भर्ती महिला का कहना है कि उसे सड़क पर घसीटा गया और श्मशान घाट की ओर ले जाने की भी कोशिश की गई। वह चिल्लाती रही, लेकिन लोग डर के कारण आगे नहीं आए। घटना का पता चलने पर जब पति ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो उसकी भी बेरहमी से पिटाई की गई। पति के सिर और पसलियों पर गंभीर चोटें आई हैं और उसके हाथ-पैर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। खुलेआम चिट्टा बेचता आरोपी महिला ने आरोप लगाया कि आोरपी गांव में खुलेआम “चिट्टा” बेचता है और जो लड़के नशा नहीं करते, उन्हें घर बुलाकर मुफ्त नशा देता है। उसका यह भी कहना है कि आरोपी के परिवार के सदस्य भी इस धंधे में शामिल हैं और गांव के कई नाबालिग बच्चे इसकी लत में फंस चुके हैं। पीड़िता के अनुसार आरोपी अक्सर धमकी देता था कि मुझे कोई नहीं रोक सकता। मैं नशा ऐसे ही बेचूंगा। पुलिस से कार्रवाई की मांग पीड़ित परिवार दिहाड़ी-मजदूरी कर जीवनयापन करता है। महिला ने कहा कि गरीबी और डर के कारण पहले पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं हुई। अब घटना के बाद उसने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और गांव से नशा खत्म किया जाए ताकि अन्य मांओं के बच्चे बच सकें। कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल यह घटना एक बार फिर सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में नशे की समस्या और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह केवल एक परिवार पर हमला नहीं, बल्कि गांव के युवाओं के भविष्य पर भी हमला माना जाएगा। पुलिस कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर अब सभी निगाहें प्रशासन पर टिकी हुई हैं। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस उधर पूरे घटनाक्रम को लेकर थाना तलवंडी चौधरियां में तैनात एएसआई हरजिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें मामले की सूचना मिल चुकी है। पति-पत्नी के एमएलआर हो चुके हैं। दोनों के बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


