जिले के सदर थाना क्षेत्र के भेड़ा की ढाणी रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। एक 26 वर्षीय युवक ने हिसार-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान योगेश (26) पुत्र जमलाराम के रूप में हुई है, जो खाजपुर का निवासी था। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, योगेश भेड़ा की ढाणी के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और तेज रफ्तार से आ रही हिसार-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन चालक ने इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों और सदर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम करवाकर फिलहाल पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक योगेश अविवाहित था। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही खाजपुर गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसके कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। सदर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।


