ग्राम पंचायत देवराजगढ़ की मेघवालों की ढाणी में पिछले नौ महीने से ट्यूबवेल बंद पड़ा है। इससे क्षेत्र के करीब 100 घरों में पेयजल का गंभीर संकट बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, न तो नहरी पानी पहुंच रहा है और न ही ट्यूबवेल से आपूर्ति मिल रही है। ग्रामीणों को महंगे दामों पर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। एक टैंकर के लिए उन्हें लगभग 1000 रुपए खर्च करने पड़ते हैं, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। इस समस्या को लेकर पूर्व में सुवालिया में आयोजित जनसुनवाई के दौरान शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ को ज्ञापन सौंपा गया था। साथ ही, जलदाय विभाग के सहायक अभियंता के नाम भी ज्ञापन दिया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय अधिकारी गोलमोल जवाब दे रहे हैं। कभी ठेकेदार के नंबर देकर ठीक कराने की बात कही जाती है, तो कभी विभाग स्तर पर सुधार का आश्वासन दिया जाता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर ट्यूबवेल चालू नहीं किया गया, तो उपखंड कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी जलदाय विभाग की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में श्रवण जोगल, मेगाराम, मलाराम, चंद्राराम और प्रकाश कंवराज सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे।


