जशपुरनगर| जशपुरनगर जिले के जिला कार्यालय सभाकक्ष में मंगलवार को कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशिमोहन सिंह की अध्यक्षता में नार्कोटिक्स कॉर्डिनेशन सेंटर बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बच्चों की सुरक्षा और उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अवैध शराब और तम्बाकू उत्पादों के विक्रय पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अवैध शराब के विक्रय पर तीव्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाइवे पर स्थित ढाबों में लगातार जांच की जाएगी और अवैध शराब के विक्रय करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, नगरीय क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण और विपणन को रोकने के लिए आकस्मिक निरीक्षण जारी रखने की बात भी की गई। कलेक्टर ने शराब दुकानों को सार्वजनिक स्थलों से हटाने का निर्देश भी दिया। इसके साथ ही बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने कोटपा अधिनियम के तहत स्कूलों और शिक्षण संस्थानों के निकट 100 मीटर की दूरी को ‘नो टोबैको’ जोन घोषित करने के निर्देश दिए। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के तम्बाकू उत्पादों के विक्रय पर रोक लगाई जाएगी। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को सभी स्कूलों की बाउंड्री वॉल से 100 मीटर की दूरी पर नो टोबैको जोन का चिन्ह बनवाने और इसकी जिओ टैगिंग द्वारा निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, एसडीएम और एसडीओपी को इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया।


