छत्तीसगढ़ में कांकेर जिले के भाजपा सांसद के काफिले के वाहन से बाइक की टक्कर में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने बोलेरो ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। दरअसल, यह हादसा सोमवार की रात उस वक्त हुआ जब सांसद भोजराज नाग भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ लौट रहे थे। घटना पोटगांव के पास स्टेट हाईवे-5 पर हुई। भानुप्रतापपुर से अंतागढ़ लौट रहे सांसद भोजराज नाग के काफिले की बोलेरो से एक मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवक खुमेंद्र समरथ, तामेश्वर देहारी और गिरधारी समरथ की मौत हो गई। बोलेरो से टक्कर के बाद बाइक सवार तीन युवकों की मौत टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार गिरधारी समरथ की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे युवक खुमेंद्र समरथ की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौत हुई। तीसरे युवक तामेश्वर देहारी को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। तीनों मृतक पोटगांव के रहने वाले थे। तीनों युवक पोटगांव से पटेलपारा जा रहे थे। दुर्घटना में काफिले की बोलेरो में सवार दो जवान भी घायल हुए हैं। उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक पंचाय चुनाव में जीत का जश्न मनाने के बाद घर लौट रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल लहराते हुए चल रही थी और उनके नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पोटगांव के मारीपारा निवासी गणेश्वर सलाम की शिकायत पर पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 304(ए) भादवि और धारा 281, 125(ए), 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


