हम सभी देशवासी एक, तरक्की के लिए आपसी सद्भाव जरूरी : सत्येंद्र

भास्कर न्यूज |अमृतसर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से संबद्ध अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह अपने पंजाब प्रवास के दौरान एक दिवसीय प्रवास के दौरान अमृतसर पहुंचे। सत्येंद्र सिंह ने सचखंड श्री हरमंदर साहिब, श्री दुर्ग्याणा तीर्थ में माथा टेका और जलियांवाला बाग में शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस मौके पर उनके साथ प्रांत संगठन मंत्री आनंद स्वरूप, प्रांत उपाध्यक्ष राकेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष राजीव महाजन, प्रांत सह-कोषाध्यक्ष निगुण अग्रवाल, यादवेंद्र, प्रांत कार्यकारिणी मेंबर अरविंद बाली, अनिल भाटिया, बटाला से प्रांत महामंत्री दिनेश सती, राजन बहल, प्रांत महिला आयाम अध्यक्ष नीरज सेठ, प्रांत सह-प्रमुख महिला आयाम मीनू बाली, सुमन मोहन, नगरीय प्रमुख रश्मि बहल, श्रुति कपूर आदि मौजूद थे। सिंह ने कहा कि आश्रम के कार्यकर्ता ‘नगरवासी, ग्रामवासी, वनवासी, हम सब है भारत वासी’ के तहत जन-कल्याण के लिए काम करते हैं। यह सभी भारत के वनों में बसने वाले 7 करोड़ वनवासियों के कल्याण, उत्थान, सामाजिक तथा आर्थिक कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत तथा कार्यरत हैं। इसके लिए आश्रम की पूरे देश में स्थित विभिन्न शाखाओं द्वारा समय-समय पर कई कार्यक्रम चलाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि परमात्मा ने यह जीवन एक साथ जीने के लिए दिया है। जिंदगी को पार्टनरशिप में जीना चाहिए। भागवत में तीन संदेश हैं। इनमें एक मनुष्य को मनुष्य के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए, दूसरा समग्र सृष्टि और जीव-जंतु से कैसा व्यवहार करें और तीसरा प्रकृति के साथ कैसा व्यवहार करना चाहिए। ये तीनों क्रियाएं मनुष्य के यज्ञ को ऊंचाइयों तक ले जाती हैं, जो समाज के कल्याण और राष्ट्र निर्माण में सहायक होते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *