बंजी जंपिंग में लड़की की गर्दन टूटने का VIDEO:दावा- मौके पर ही हुई मौत; भास्कर पड़ताल में सच सामने आया

सिरोही जिले के माउंट आबू कस्बे में 15 फरवरी को बंजी जंपिंग के दौरान एक लड़की की गर्दन टूटने का एक वीडियो सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि उदयपुर की इस युवती की मौके पर ही मौत हो गई। भास्कर ने इस दावे की पड़ताल की। सोशल मीडिया पर भयानक हादसा बताया
इंस्टाग्राम पर fizaa_khan_udr नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से यह वीडियो शेयर किया गया है। इसके बाद लोगों ने इस पर कई तरीके के कमेंट्स करने शुरू कर दिए। वीडियो वायरल होते ही लोगों ने इस बंजी जंपिंग के दौरान गर्दन टूटने से मौत होने वाला भयानक हादसा बताना शुरू कर दिया। वायरल पोस्ट्स में दावा किया गया कि बंजी जंपिंग के समय लड़की को तेज झटका लगा और उसकी गर्दन टूट गई, जिससे मौके पर चीख-पुकार के साथ हाहाकार मच गया। लड़की सामने आई, बोली- मैं जिंदा हूं
इस दावे को उदयपुर की रहने वाली लड़की फिजा खान ने सिरे से खारिज किया है। फिजा खान ने सोशल मीडिया पर सामने आकर साफ कहा कि उनकी गर्दन नहीं टूटी है और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। बंजी जंपिंग के दौरान उनका संतुलन बिगड़ने से कुछ पलों के लिए जरूर ऐसा लगा कि स्थिति खराब हो गई है, परंतु ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को लताड़ लगाई
फिजा ने कुछ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को लताड़ लगाते हुए आरोप लगाया कि व्यूज और लाइक बढ़ाने के लिए उनकी झूठी खबर फैलाई गई, जो पूरी तरह गलत है।
फिजा खान का कहना है कि वीडियो के साथ गलत और सनसनीखेज कैप्शन लगाकर लोगों को गुमराह किया गया, जबकि हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना सच्चाई जाने ऐसी खबरों को शेयर न करें। बंजी जंपिंग संचालक बोले- ऐसा कुछ नहीं हुआ
इसी बंजी जंपिंग के संचालक कमलेश से दैनिक भास्कर ने बात की। उन्होंने बताया- 15 फरवरी की दोपहर करीब 1 से 1:30 बजे के बीच फिजा खान नाम की लड़की बंजी जंपिंग के लिए आई थी। लड़की के कुछ साथियों ने उसका वीडियो बनाया था, जिसमें ऐसा लग रहा था कि उसकी गर्दन टूट गई है। ये सब उन्होंने अपने दोस्तों के साथ प्रैंक करने के लिए किया था।
इससे साफ है कि माउंट आबू में ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी। दैनिक भास्कर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस तरह के भ्रामक वीडियो और खबरों की पुष्टि नहीं करता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *