जैसलमेर में रेलवे स्टेशन पर खड़ी साबरमती एक्सप्रेस के जनरल कोच में बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलते ही ऑन-ड्यूटी रेलवे स्टाफ और जीआरपी मौके पर पहुंची। बुजुर्ग को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। रेलवे पुलिस अधिकारी दुर्ग सिंह ने बताया- ट्रेन के जैसलमेर पहुंचने के बाद एक यात्री ने ट्रेन मैनेजर को सूचना दी कि कोच में एक बुजुर्ग लंबे समय से अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर स्टेशन स्टाफ और रेलवे चिकित्सक मौके पर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर एंबुलेंस से उसे जवाहिर हॉस्पिटल भेजा गया, जहां मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। अब तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। तलाशी के दौरान शव के पास से केवल एक कंबल बरामद हुआ, जबकि कोई पहचान पत्र, टिकट या अन्य दस्तावेज नहीं मिले। दस्तावेजों के अभाव में मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। कोई पहचान पत्र या टिकट नहीं मिला प्रारंभिक जांच में मृतक के पास से कोई यात्रा टिकट, मोबाइल फोन या पहचान संबंधी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। वृद्ध की उम्र लगभग 65 वर्ष आंकी गई है। उसने गहरे नीले रंग की पैंट और ग्रे रंग की फुल बाजू की शर्ट पहन रखी थी तथा शरीर पर एक कंबल ओढ़ा हुआ था। बॉडी पर नहीं मिले चोट के निशान पुलिस के अनुसार शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। शिनाख्त के लिए आसपास के थानों को भी सूचना भेजी गई है।


