जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) फरवरी से मई तक ई-नीलामी कार्यक्रम शुरू होगा। इसके तहत बुधवार से आवासीय, व्यावसायिक एवं फार्म हाउस भूखंडों सहित 150 भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जेडीए के निदेशक (वित्त) मंजीत चारण ने बताया- आवेदकों द्वारा विभिन्न योजनाओ के भूखंडों को खरीदने के लिए धरोहर राशि जमा करानी होगी। इसके बाद वे ऑनलाइन बिड लगाते हुए ई-नीलामी में हिस्सा ले सकते हैं। प्राधिकरण द्वारा ई-नीलामी की प्रक्रिया SSO आईडी के जरिए अरबन सर्विसेज से की जाएगी। उन्होंने बताया कि 25 फरवरी से 7 मई तक विभिन्न योजनाओं के आवासीय, व्यावसायिक एव फार्म हाउस भूखंडों सहित कुल 150 भूखंडों की नीलामी की जाएगी। इन योजनाओं में होगी नीलामी
प्रभारी अधिकारी नीलामी शाखा दिनेश कुमार ने बताया- ई-नीलामी में जेडीए की महत्वकांक्षी उजलिया फार्म हाउस योजना, राजीव गांधी नगर चौखा आवासीय योजना, पंडित दीनदयाल उपाध्याय विहार आवासीय योजना, अरणा विहार योजना, झरणा विहार योजना, महात्मा गांधी नगर, गंडलनाथ आवास योजना, विज्ञान नगर योजना, सुंदरसिंह भंडारी नगर एव पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर बासनी तंबोलिया के भूखंडों और खसरा संख्या 701 ग्राम चौखा स्थित व्यावसायिक भूखंडों की ई-नीलामी की जाएगी। उन्होंने बताया- ऑनलाइन बिड लगाने की अंतिम तारीख विभिन्न भूखंडों के लिए अलग-अलग निर्धारित की गई है। नीलामी के सभी भूखंडों एवं ई-नीलामी से संबंधित जानकारी, नियम एवं शर्तें प्राधिकरण की वेबसाइट joda.rajasthan.gov.in पर देखी जा सकती है। जेडीए दस्ते ने विवेक विहार में हटाया अतिक्रमण
जोधपुर विकास प्राधिकरण के अतिक्रमण निरोधक दस्ते की ओर से मंगलवार को विवेक विहार आवासीय योजना के सेक्टर-J में अतिक्रमण हटाए गए। तहसीलदार जोन-3 के डॉ. हंसराज राठौड के निर्देशन में प्राधिकरण दस्ते ने विवेक विहार आवासीय योजना का मौका निरीक्षण किया। सेक्टर-J में प्लॉट नं. 8 व 9 में अनाधिकृत रूप से पक्के कमरे एवं बाड़ा बनाकर किए अतिक्रमण को जेसीबी से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन अधिकारी प्रवीण गहलोत, प्रवर्तन निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा व योगेश गहलोत, कनिष्ठ अभियंता हीरसिंह राजपुरोहित, पटवारी भूराराम गुर्जर आदि मौजूद रहे।


