MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:पूर्व सीएम के परिजन को बम से उड़ाने की धमकी, पुल के लिए परिक्रमा; फिल्म देखकर हीरोइन को पत्नी माना

MP दिनभर में आज की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. भोपाल में कांग्रेस की किसान महाचौपाल, राहुल बोले- पीएम ने देश बेचने की डील की लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सोमवार को भोपाल में रहे। कांग्रेस की किसान महाचौपाल में राहुल ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका से देश बेचने की डील की। उन पर एपस्टीन और अडाणी के केस का दबाव है। इस वजह से उन्होंने हिंदुस्तान और किसानों का डेटा अमेरिका को बेच दिया। वहीं, खड़गे ने कहा कि नरेंद्र मोदी, सरेंडर मोदी हैं। उन्होंने देश को बेच दिया। किसानों के साथ छल किया। मोदीजी रोज उठकर चाय पर बात करते थे, तो क्या देश को बेचने की बात करते थे। पढ़ें पूरी खबर… 2. जनजातीय क्षेत्रों में होगी सरकार की पहली कृषि कैबिनेट, भगोरिया राष्ट्रीय पर्व बनेगा बजट सत्र के सातवें दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा में कहा- भगोरिया लोकपर्व को सरकार ने राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाने का फैसला लिया है। जनजातीय बहुल जिलों बड़वानी, धार और झाबुआ में सरकार कृषि कैबिनेट करने की तैयारी कर रही है। भगोरिया पर्व के दौरान ही कृषि कैबिनेट की बैठक की जाएगी। सीएम ने बताया कि राज्य सरकार उड़द के उपार्जन पर 600 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देगी। वहीं, सरसों के लिए 71 लाख टन उत्पादन मानते हुए भावांतर योजना के तहत भुगतान किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर… 3. उमा भारती के परिजन को बम से उड़ाने की धमकी; बहू बोली- दो नकाबपोश आए, गालियां दीं टीकमगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के परिजन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। उनके भाई की बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता राहुल लोधी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उमिता ने बताया कि 22 फरवरी की देर रात 10.30 बजे ‘जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा’ नाम की आईडी से धमकी भरा कमेंट आया। इसमें लिखा था- हमारे पास हाईड्रोजन बम है। हम बनाना जानते हैं… नेताओं को हम खुद ही मारेंगे। कमेंट के कुछ ही घंटों बाद दो नकाबपोश युवक उनके बंगले पर भी धमकाने पहुंच गए। युवकों ने गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दोहराई। पढ़ें पूरी खबर… 4. मुरैना में 10वीं के बोर्ड एग्जाम में दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़ाए, 4 आरोपियों पर केस दर्ज मुरैना में मंगलवार को 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए। मामला अंबाह के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक स्कूल का है। चार आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, रूम नंबर 6 में अरुण, अजय की जगह और डांस रूम में राजू सिंह गुर्जर, अंश चौहान के स्थान पर गणित का पेपर हल कर रहे थे। आईडी कार्ड का मिलान करते समय सुपरवाइजर्स ने गड़बड़ी पकड़ी। केंद्र अध्यक्ष ने शिकायत के साथ उत्तर पुस्तिकाएं, प्रवेश पत्र, पंचनामा और छात्रों के बयान भी पुलिस को सौंपे हैं। पढ़ें पूरी खबर… 5. पांढुर्णा में बारिश, छिंदवाड़ा-सिवनी और बैतूल में ओले गिरने का अलर्ट मध्य प्रदेश के पांढुर्णा में मंगलवार दोपहर को बारिश हुई। मौसम विभाग ने छिंदवाड़ा, सिवनी और दक्षिण-पूर्वी बैतूल में मध्यम गरज के साथ आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। यहां आंधी की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटा तक होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, एमपी के दक्षिणी हिस्से में लो प्रेशर एरिया एक्टिव है। वहीं, दक्षिणी-पश्चिमी हिस्से में 2 ट्रफ सक्रिय हैं। इनके असर से प्रदेश में फरवरी महीने में चौथी बार बारिश का दौर शुरू हुआ है, जो आगे भी जारी रहेगा। पढ़ें पूरी खबर… 6. इंदौर की 5 कॉलोनियों में बदमाशों ने कारों के कांच फोड़े, 3 आरोपी गिरफ्तार इंदौर के चंदन नगर में बदमाशों ने एक के बाद एक कई गाड़ियों के कांच फोड़ दिए। पुलिस के अनुसार राजनगर, रामानंद नगर, नंदन नगर, दामोदर नगर और पंचमूर्ति नगर में करीब एक दर्जन वाहनों को निशाना बनाया गया। इनमें पूर्व पार्षद राजेश चौहान की कार भी शामिल है। एक कार में ईंट भी मिली है। मामले में अब तक 6 फरियादी सामने आए हैं। छत्रीपुरा पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पढे़ं पूरी खबर… 7. अधूरे पुल को बनाने की मांग, कलेक्ट्रेट में युवक ने की दंडवत परिक्रमा रीवा में अधूरी सड़क और पुल बनाने की मांग को लेकर युवक ने दंडवत परिक्रमा की। ग्राम पंचायत गढ़ा निवासी धनेश सोनकर मंगलवार सुबह कलेक्ट्रेट पहुंचा और जमीन पर लेट-लेटकर परिक्रमा करने लगा। उसके हाथ में नारियल था। युवक ने चेतावनी दी है कि यदि 15 मार्च तक सड़क-पुल का काम शुरू नहीं हुआ तो वह कलेक्टर कार्यालय की छत से कूदकर जान दे देगा। धनेश पहले भी “किडनी बेचना है, ताकि सड़क-पुल बनवा सकूं” लिखे बैनर के साथ भूख हड़ताल पर बैठ चुका है। पढ़ें पूरी खबर… पॉजिटिव खबर 8. पांच बेटियों ने दिया मां की अर्थी को कंधा, मेडिकल रिसर्च के लिए देहदान की इंदौर में 79 वर्षीय संतोष वर्मा के निधन के बाद पांच बेटियों ने न केवल उनकी अर्थी को कंधा दिया, बल्कि अंतिम इच्छा को देखते हुए उनकी बॉडी मेडिकल रिसर्च के लिए दान कर दी। करीब 40 साल पहले संतोष वर्मा के पति रविशंकर का निधन हो गया था। दंपती का कोई बेटा नहीं है। उन्होंने अपनी पांचों बेटियों- मृदुला चौधरी, कुमुदिनी महालहा, कीर्ति वर्मा, वंदना वर्मा और मयूरी गालर को ऐसे संस्कार दिए कि आज उन्होंने समाज की रूढ़ियों को पीछे छोड़ दिया। आखिरी समय में संतोष बड़ी बेटी कुमुदिनी के पास थीं। इस दौरान भी सभी बेटियों ने उनकी सेवा की। पढ़ें पूरी खबर… खबर जरा हटके 9. श्रीदेवी की फिल्म ‘जस्टिस चौधरी’ एक महीने देखी, पत्नी मानने लगे, मनाते हैं पुण्यतिथि श्योपुर में ददूनी गांव निवासी 56 वर्षीय ओमप्रकाश मेहरा ने बॉलीवुड अभिनेत्री श्रीदेवी को अपनी पत्नी मानकर आजीवन अविवाहित रहने का संकल्प लिया है। वे हर साल 24 फरवरी को श्रीदेवी की पुण्यतिथि मनाते हैं। मेहरा ने बताया कि 1986 में श्रीदेवी की फिल्म ‘जस्टिस चौधरी’ एक महीने तक लगातार सिनेमाघर में देखी। मेहरा ने कहा- मैंने मन ही मन श्रीदेवी को अपनी पत्नी मान लिया था। जब उनकी शादी की खबर सुनी तो मुझे बहुत दुख हुआ। उसी दिन मैंने संकल्प लिया कि अब जीवन में कभी विवाह नहीं करूंगा। पढे़ं पूरी खबर… कल का बिग इवेंट 10. रोजगारोन्मुखी शिक्षा के लिए उच्च शिक्षा विभाग करेगा एमओयू उच्च शिक्षा विभाग रोजगारोन्मुखी कोर्सेस के लिए नई पहल कर रहा है। इसके लिए विभाग बुधवार को बोर्ड ऑफ अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग, मुंबई के साथ एमओयू करेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *