लापता युवक का शव नहर में मिला:बूंदी के पास कोटा ब्रांच कैनाल से सिविल डिफेंस ने निकाला, घर से मजदूरी करने निकला था

बूंदी के नमाना क्षेत्र में दो दिन से लापता युवक का शव मंगलवार सुबह कोटा ब्रांच कैनाल नहर से बरामद किया गया। मृतक की पहचान सांकरदा गांव निवासी महावीर भील (28) पुत्र मन्ना लाल भील के रूप में हुई है। सिविल डिफेंस की टीम ने शव को नहर से बाहर निकाला। महावीर भील रविवार सुबह करीब 9 बजे मजदूरी के लिए घर से निकला था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और साथ काम करने वालों से पूछताछ के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार सुबह महावीर की मोटरसाइकिल सांकरदा नहर के पास खड़ी मिली, जिससे परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने नमाना थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। दोपहर में गांव वालों ने अपने स्तर पर नहर में तलाश की, जहां मोटरसाइकिल खड़ी थी, वहीं नहर के पानी में युवक का मोबाइल फोन मिला। सूचना मिलने पर नमाना थानाधिकारी माया बैरवा मौके पर पहुंचीं। स्थानीय निवासी और सामाजिक कार्यकर्ता धनराज सुमन ने बताया कि महावीर गरीब था और उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें से एक कक्षा 6 में पढ़ता है। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला था। सोमवार शाम 6 बजे सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, रात होने के कारण अभियान रोक दिया गया। मंगलवार सुबह सिविल डिफेंस की टीम ने फिर से नहर में उतरकर तलाशी शुरू की। मोटरसाइकिल जहां खड़ी थी, वहां से करीब 100 मीटर की दूरी पर पानी के अंदर युवक का शव मिला। शव को बाहर निकालकर बूंदी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। नमाना थानाधिकारी माया बैरवा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि नहर में फिसलने से शायद मोबाइल पानी में गिर गया होगा और उसे निकालने की कोशिश में महावीर गहराई में चला गया। कंटेंट: शिवराज राठौर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *