डूंगरपुर जिले के बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के बरोठी गांव में घर पर खाना बना रही एक महिला पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। बरोठी गांव निवासी रेखा वरहात अपने घर के अंदर चूल्हे पर खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का एक झुंड घर में घुस आया। मधुमक्खियों ने रेखा पर हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर कई जगह डंक लगे। अचानक हुए इस हमले से महिला घबरा गई और अपनी जान बचाने के लिए घर से बाहर की ओर भागी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर हालत में घायल रेखा को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें भर्ती कर लिया है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।


